रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत सिविल लाइन पुलिस ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए स्मैक तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 80 हजार रुपये कीमत की अवैध स्मैक, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और बिक्री की नकदी बरामद की है।
थाना सिविल लाइन प्रभारी आशुतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान माल रोड से सरवट फाटक की ओर कार्रवाई करते हुए आबिद उर्फ चाट को धर दबोचा। तलाशी में उसके पास से 08 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन), एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और 400 रुपये नकद बरामद हुए, जो नशे की बिक्री से जुड़े बताए जा रहे हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी क्षेत्र में लंबे समय से स्मैक की सप्लाई कर रहा था और युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेल रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसके नेटवर्क की गहराई से जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों को भी चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जा सके।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सतेंद्र कुमार ढिल्लो, उपनिरीक्षक रूप सिंह और कांस्टेबल ललित कुमार शामिल रहे, जिनकी सक्रियता से यह कार्रवाई संभव हो सकी।

