रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने शुक्रवार को थाना खालापार का वार्षिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला हेल्प डेस्क से लेकर मालखाने, बंदीगृह और अभिलेखों तक हर व्यवस्था को बारीकी से खंगाला और अधीनस्थों को सख्त दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत मिशन शक्ति केंद्र और महिला हेल्प डेस्क से हुई, जहां आने वाली पीड़िताओं की शिकायतों के निस्तारण और दर्ज रिकॉर्ड की गहन जांच की गई। एसपी सिटी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि हर शिकायत का पारदर्शी और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके बाद थाना कार्यालय, मालखाना, संतरी पहरा, कंप्यूटर कक्ष, साइबर हेल्प डेस्क, मेस, शौचालय और पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। मालखाने में रखे शस्त्रों की साफ-सफाई और अभिलेखों के रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी सिटी ने कड़ा रुख अपनाते हुए टॉप-10 अपराधियों की सूची को नए सिरे से तैयार करने और उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। गैंगस्टर एक्ट के मामलों में धारा 14(1) के तहत अपराधियों की संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया। साथ ही खनन, शराब, मादक पदार्थ, पशु तस्करी और भूमाफियाओं के खिलाफ अभियान चलाकर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। हिस्ट्रीशीटरों की नियमित निगरानी और चेकिंग प्रविष्टियों को अद्यतन रखने पर भी जोर दिया गया।

निरीक्षण के बाद थाना परिसर में प्रशिक्षु आरक्षियों के साथ आयोजित गोष्ठी में एसपी सिटी ने उन्हें व्यवहारिक पुलिसिंग के गुर सिखाए। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार ही उसकी असली पहचान है, इसलिए आमजन के साथ विनम्रता और सहयोग का रवैया अपनाना बेहद जरूरी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, संवेदनशील मामलों के निस्तारण और तकनीकी संसाधनों के उपयोग पर भी विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।
उन्होंने प्रशिक्षुओं को अनुशासन, सतर्कता और जनसेवा की भावना के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान थाना प्रभारी बबलू कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

