रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के मौके पर जनपद में श्रमिक सम्मान का माहौल देखने को मिला। विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से प्रदेशभर के श्रमिकों को संबोधित किया, जिसका सीधा प्रसारण जनपद में भी देखा गया।
कार्यक्रम में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री अनिल कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी समेत जिला प्रशासन और श्रम विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न उद्योग संगठनों, श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी, श्रमिक वर्ग और मीडिया कर्मियों की भी बड़ी भागीदारी रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों के हितों के संरक्षण और उनके सर्वांगीण विकास के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं प्रभावी ढंग से चला रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य श्रमिकों को सुरक्षित कार्य वातावरण, उचित पारिश्रमिक और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है।
मंत्री अनिल कुमार ने मजदूर दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रमिक वर्ग देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। उनके परिश्रम और समर्पण के बल पर ही निर्माण, उद्योग, सेवा और कृषि जैसे क्षेत्रों में निरंतर प्रगति संभव हो पाती है। उन्होंने श्रमिकों के योगदान को प्रदेश की समृद्धि का आधार बताया।
इस दौरान श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत पात्र श्रमिकों को लाभान्वित किया गया। साथ ही अटल आवासीय विद्यालय सत्र 2026-27 की प्रवेश परीक्षा में सफल बच्चों के अभिभावकों को भी जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम के अंत में सहायक श्रमायुक्त ने सभी अतिथियों, संगठनों के पदाधिकारियों, श्रमिकों और मीडिया कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

