रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार को बालिकाओं के आत्मविश्वास और सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विशेष सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘फिट इंडिया महिला सप्ताह-2026’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और आत्मरक्षा के गुर सीखे।
कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण के निर्देशन में किया गया। ‘खेल से ही है पहचान’ और ‘ASMITA’ अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में स्टेडियम पहुंची बालिकाओं का फूलमालाओं से स्वागत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
प्रभारी जिला क्रीड़ाधिकारी एवं अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रशिक्षक भूपेंद्र सिंह यादव ने बालिकाओं को बॉक्सिंग के माध्यम से आत्मरक्षा की बारीकियां सिखाईं। उन्होंने छात्राओं को बताया कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस ही नहीं बढ़ाता, बल्कि आत्मविश्वास और साहस भी देता है। वहीं एनआईएस प्रशिक्षक मनीष शर्मा ने ग्रीन फील्ड स्कूल मुजफ्फरनगर की छात्राओं को आत्मरक्षा के विभिन्न व्यावहारिक तरीके सिखाते हुए खेल अभ्यास कराया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभाग करने वाली बालिकाओं और खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया। साथ ही होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज जड़ौदा की शिक्षिका रीना चौहान को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस मौके पर कुं. भावना, प्रतिभा शर्मा (जिला युवा अधिकारी, माय भारत मुजफ्फरनगर) सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बाल कल्याण समिति के डॉ. राजीव कुमार ने भी कार्यक्रम में सहयोग प्रदान करते हुए बालिकाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में बालिकाओं ने आत्मरक्षा के गुर सीखने पर खुशी जताई और कहा कि ऐसे प्रशिक्षण उन्हें हर परिस्थिति में खुद की रक्षा करने के लिए आत्मविश्वास प्रदान करते हैं।

