रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। अंतरराष्ट्रीय हालात के बीच इजरायल और ईरान के बीच मंडराते युद्ध के खतरे का असर अब मुजफ्फरनगर की आम जनता की रसोई तक पहुंचता दिखाई दे रहा है। शहर की एक गैस एजेंसी पर उस समय हंगामे जैसे हालात बन गए जब बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस सिलेंडर लेने के लिए पहुंच गए। लोगों का आरोप है कि बुकिंग कराने के बावजूद कई-कई दिनों तक सिलेंडर नहीं मिल रहा, जबकि बाजार में कालाबाजारी की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। हालात ऐसे हो गए कि महिलाओं समेत दर्जनों उपभोक्ताओं को एजेंसी के बाहर खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
मुजफ्फरनगर में गैस सिलेंडर को लेकर अचानक बढ़ी परेशानी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। गैस एजेंसी के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं और देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई। कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई दिन पहले ही गैस सिलेंडर की बुकिंग कराई थी, लेकिन आज तक उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पाया।
कुछ महिलाओं ने बताया कि वे लगातार एजेंसी के चक्कर काट रही हैं। हर बार उन्हें यही जवाब दिया जाता है कि अभी सिलेंडर उपलब्ध नहीं है या फिर कुछ दिन और इंतजार करना पड़ेगा। इस वजह से लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली और एजेंसी के बाहर ही लोगों ने अपनी परेशानी खुलकर जाहिर की।
उपभोक्ताओं का यह भी आरोप है कि जहां एक तरफ आम लोगों को सिलेंडर के लिए भटकना पड़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ कुछ लोगों को ब्लैक में सिलेंडर मिलने की चर्चाएं बाजार में तेजी से फैल रही हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इन चर्चाओं ने लोगों के गुस्से को और भड़का दिया है।
वहीं एजेंसी संचालक ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि गैस की कोई कमी नहीं है, बल्कि नई व्यवस्था के कारण डिलीवरी में थोड़ा समय लग रहा है। उनका कहना है कि पहले जहां कुछ ही दिनों में गैस सिलेंडर की डिलीवरी हो जाती थी, अब बुकिंग का अंतराल 25 दिन कर दिया गया है। इसके अलावा ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम पर अचानक ज्यादा ट्रैफिक आने से वेबसाइट और सर्वर पर अतिरिक्त लोड पड़ रहा है, जिसकी वजह से तकनीकी दिक्कतें सामने आ रही हैं।
एजेंसी संचालक ने दावा किया कि जैसे ही सिस्टम सामान्य होगा और डिलीवरी का क्रम आगे बढ़ेगा, सभी उपभोक्ताओं को उनके सिलेंडर उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
इस पूरे मामले में हिंदू संगठन से जुड़े योगेंद्र वर्मा भी एजेंसी पहुंचे और उन्होंने आम उपभोक्ताओं की परेशानी को गंभीर बताया। योगेंद्र वर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कहीं भी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पाई गई तो ऐसे लोगों को बेनकाब किया जाएगा और प्रशासन की मदद से उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनता को परेशान करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और जरूरत पड़ी तो आंदोलन भी किया जाएगा। साथ ही उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
फिलहाल इजरायल-ईरान के बीच बढ़ते तनाव और संभावित युद्ध की आशंका के बीच लोगों में गैस आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। अगर हालात ऐसे ही बने रहे तो आने वाले दिनों में यह समस्या और गंभीर हो सकती है। अब सबकी निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि वह इस पूरे मामले में क्या कार्रवाई करता है और आम जनता को राहत दिलाने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।

