मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर गांजा तस्कर पप्पू दबोचा, पैर में गोली लगते ही धराशायी, 21 किलो गांजा बरामद

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर (बुढाना)। कोतवाली क्षेत्र में पुलिस और हिस्ट्रीशीटर गांजा तस्कर के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने मौके पर ही उसे दबोच लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 21 किलो गांजा, एक कार, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। घायल बदमाश को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढाना में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार बुढाना कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि हिस्ट्रीशीटर गांजा तस्कर सत्येंद्र उर्फ पप्पू क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई। उमरपुर चौकी प्रभारी मोहित तेवतिया और गढ़ी चौक प्रभारी ललित कसाना ने प्रभारी निरीक्षक सुभाष बाबू अत्री के नेतृत्व में पुलिस टीम के साथ इलाके में घेराबंदी कर दी।
पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 21 किलो गांजा, एक कार, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए। पुलिस के अनुसार आरोपी थाना मीरापुर क्षेत्र से भी वांछित चल रहा था और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट व हत्या के प्रयास सहित करीब दर्जनभर मुकदमे दर्ज हैं।
मुठभेड़ के बाद घायल बदमाश को पुलिस अभिरक्षा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढाना में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच करते हुए तस्करी के नेटवर्क को भी खंगालने में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *