जन आक्रोश महिला सम्मेलन में गरजे कपिल देव, बोले— महिला विरोधी दलों को जनता देगी जवाब

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। कूकड़ा मण्डल द्वारा आयोजित ‘जन आक्रोश महिला सम्मेलन’ में मंगलवार को ऊर्जा मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को महिला विरोधी मानसिकता वाला बताते हुए कहा कि जो दल महिलाओं के अधिकारों का विरोध करते हैं, वे समाज और राष्ट्र के विकास के पक्षधर नहीं हो सकते।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि महिला आरक्षण जैसे ऐतिहासिक फैसले का विरोध कर सपा और कांग्रेस ने अपनी संकीर्ण सोच को उजागर किया है। उन्होंने कहा कि यह विरोध देश की आधी आबादी के सम्मान, अधिकार और भागीदारी के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि नारी सम्मान और सुरक्षा के बिना किसी भी सशक्त राष्ट्र की कल्पना अधूरी है। आज देश की महिलाएं जागरूक, संगठित और आत्मविश्वास से भरी हुई हैं। अब मातृशक्ति अन्याय सहने वाली नहीं, बल्कि हर मोर्चे पर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए तैयार है।
मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है, जिससे वे परिवार और समाज में निर्णायक भूमिका निभा रही हैं।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भागीदारी कर महिला सशक्तिकरण के प्रति अपने संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष विशाल गर्ग, जिला उपाध्यक्ष श्वेता कौशिक, मण्डल अध्यक्ष अमित शास्त्री, सभासद नवनीत गुप्ता, सभासद प्रशांत गौतम समेत अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *