रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक अवैध पिस्टल, पांच तमंचे, नौ जिंदा कारतूस और नकदी बरामद की है। कार्रवाई से अवैध असलहा तस्करी में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में चौकी प्रभारी विक्रांत कुमार ने अपनी टीम के साथ सोमवार देर रात काली नदी पुल के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चलाया हुआ था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि न्याजुपुरा चरथावल रोड स्थित खाली प्लाटिंग में कुछ लोग अवैध हथियारों का सौदा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी विक्रांत कुमार ने तत्काल टीम के साथ मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर चारों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलीम उर्फ वसीम निवासी न्याजुपुरा, मौ. अनस निवासी बिजनाना, नदीम निवासी बिजनाना और आरिस उर्फ बिट्टू निवासी मिमलाना रोड के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उनके पास से एक 32 बोर पिस्टल, दो खाली मैगजीन, नौ जिंदा कारतूस, पांच तमंचे 315 बोर और चार हजार रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे शौक और मुनाफे के लिए हथियार खरीद-बिक्री का काम कर रहे थे। कुछ हथियारों का सौदा पहले ही हो चुका था और रकम भी ली जा चुकी थी। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और हथियार सप्लाई नेटवर्क की तलाश में जुटी है।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। चौकी प्रभारी विक्रांत कुमार और उनकी टीम की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

