रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ़्फ़रनगर। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तिहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने प्रशासन पर जनसभा की अनुमति में भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। पार्टी के अनुसार 11 फरवरी 2026 को प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली का कार्यक्रम कस्बा बुढ़ाना में प्रस्तावित था, जिसके लिए समय रहते अनुमति हेतु आवेदन किया गया, लेकिन अब तक स्वीकृति नहीं दी गई।
AIMIM के जिला अध्यक्ष मौलाना इमरान क़ासमी ने जिलाधिकारी को प्रेषित प्रार्थना-पत्र में कहा है कि पार्टी द्वारा अन्य स्थानों पर भी संगठनात्मक कार्यक्रमों की अनुमति के लिए आवेदन किए गए, परंतु वहां भी स्वीकृति नहीं मिली। उनका आरोप है कि जानबूझकर पार्टी को परेशान किया जा रहा है, जबकि अन्य राजनीतिक दलों को समान प्रकृति के कार्यक्रमों की अनुमति दी जा रही है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि AIMIM एक राष्ट्रीय स्तर की मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टी है और संविधान प्रदत्त अधिकारों के तहत शांतिपूर्ण जनसभा/कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति मिलना न्यायोचित है। पार्टी ने प्रशासन से निष्पक्षता बरतते हुए प्रस्तावित कार्यक्रम की अनुमति तत्काल प्रदान कराने की मांग की है।
मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है। अब देखना यह है कि प्रशासन AIMIM के आरोपों पर क्या रुख अपनाता है और अनुमति को लेकर कब निर्णय लिया जाता है।
