बांदा कृषि विश्वविद्यालय के सितारों ने लहराया परचम, ICAR-NET में मिली बड़ी सफलता

Spread the love

रिपोर्ट – शुभम सिंह रघुवंशी

बांदा (उत्तर प्रदेश)। बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के उद्यान महाविद्यालय ने एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। विश्वविद्यालय के पुष्प विज्ञान एवं भूदृश्य निर्माण विभाग के तीन मेधावी छात्र-छात्राओं— निकिता मौर्य, राखी सिंह और प्रशांत यादव—ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR-ASRB) द्वारा आयोजित नेट (NET) की प्रतिष्ठित परीक्षा उत्तीर्ण कर संस्थान का मान बढ़ाया है।


विद्यार्थियों की इस बहुआयामी सफलता में प्रशांत यादव ने दोहरी खुशी दी है; उन्होंने नेट उत्तीर्ण करने के साथ-साथ गोविंद वल्लभ पंत कृषि विश्वविद्यालय की पीएचडी प्रवेश परीक्षा में भी प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं, आयुषी यादव ने UPCATET परीक्षा के माध्यम से आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय, अयोध्या में पीएचडी के लिए अपना चयन सुनिश्चित किया।


सफलता का श्रेय और मार्गदर्शन:
सफल छात्र-छात्राओं ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने विशेष रूप से उद्यान महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. सत्यव्रत द्विवेदी, विभागाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह और सहायक प्राध्यापक डॉ. अमित कनोजिया के प्रति आभार व्यक्त किया।

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एस.वी.एस. राजू ने सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “यह उपलब्धि न केवल छात्रों के कठिन परिश्रम का फल है, बल्कि यह हमारे विश्वविद्यालय की शिक्षण गुणवत्ता और उच्च मानकों को भी दर्शाती है।” इस सफलता से पूरे विश्वविद्यालय परिसर में हर्ष का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *