रिपोर्टर: संदीप वर्मा
लोकेशन: बाराबंकी
विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर बाराबंकी में स्वास्थ्य विभाग एवं पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया की ओर से डिस्ट्रिक्ट वर्किंग ग्रुप की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन गौतम ने परिवार नियोजन एवं सामाजिक व्यवहार परिवर्तन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘इतनी भी क्या जल्दी है?!!!’ तथा ‘देश बदलेगा जब मर्द बदलेगा’ अभियान का शुभारंभ किया।
परिवार नियोजन को लेकर जागरूकता अभियान
बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्राम्य विकास और एनआरएलएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से पोस्टर, लघु फिल्म, जिंगल और अन्य प्रचार सामग्री के जरिए लोगों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक किया जाएगा।
अभियान के प्रमुख संदेशों में सही उम्र में विवाह, पहले बच्चे में उचित अंतराल, दो बच्चों के बीच पर्याप्त अंतर और आपातकालीन गर्भनिरोधक गोली के सही उपयोग जैसे विषय शामिल हैं।
मोबाइल वैन को दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने परिवार नियोजन संबंधी जागरूकता फैलाने के लिए तीन विकासखंडों के 150 गांवों में संचालित होने वाली मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इन वैनों के माध्यम से जागरूकता फिल्में दिखाई जाएंगी, जिंगल प्रसारित किए जाएंगे, हैंडबिल वितरित होंगे तथा परामर्श सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
विभागीय समन्वय पर जोर
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन गौतम ने कहा कि परिवार नियोजन कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से अभियान की सामग्री को क्षेत्र स्तर तक पहुंचाने और लोगों में फैली भ्रांतियों को दूर करने में सहयोग करने का आग्रह किया।
परियोजना की जानकारी साझा
पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के प्रतिनिधियों ने बताया कि ‘उम्मीद परियोजना’ के तहत चयनित ब्लॉकों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण और परिवार कल्याण सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने पर कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों को परिवार नियोजन और जनजागरूकता से जुड़े विषयों पर सक्रिय रूप से कार्य करने की शपथ भी दिलाई गई।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, ग्राम्य विकास, एनआरएलएम तथा पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
