रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। पीडीए व्यापारी जनसंवाद कार्यक्रम एवं धन्यवाद सभा में रविवार को व्यापारियों की समस्याओं और छोटे व मध्यम कारोबार पर बढ़ते दबाव का मुद्दा प्रमुखता से उठा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी, समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि छोटे दुकानदार और मध्यम कारोबारी स्थानीय अर्थव्यवस्था के साथ रोजगार की भी मजबूत कड़ी हैं। कारोबार पर पड़ने वाला दबाव सीधे तौर पर परिवारों और उनसे जुड़े कर्मचारियों की आजीविका को प्रभावित करता है।
समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं और उनके अधिकारों को लेकर लगातार संवाद की जरूरत है। व्यापारी समाज के मुद्दों को केवल चुनावी मुद्दे के बजाय आर्थिक और सामाजिक सरोकार के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटे और मध्यम व्यापारियों की आवाज मजबूत होना जरूरी है। व्यापारियों को सुरक्षा, सम्मान, सुगम व्यापारिक वातावरण और नीतिगत निर्णयों में अपनी बात रखने का अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने भाजपा सरकार की व्यापारिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि नीतियों का लाभ छोटे व्यापारियों की अपेक्षा बड़े कारोबारी वर्ग को अधिक मिला है। इससे छोटे व्यापारियों में असंतोष बढ़ा है।
पूर्व सांसद कादिर राणा ने कहा कि व्यापारी वर्ग समाज और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। बाजार में छोटे दुकानदार से लेकर बड़े कारोबारी तक सभी की अपनी उपयोगिता है। उन्होंने कहा कि नीतियां बनाते समय व्यापारियों के सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखा जाना चाहिए। व्यापारियों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार होना चाहिए, ताकि आर्थिक नीतियों का बोझ छोटे कारोबारियों पर असमान रूप से न पड़े।
पूर्व विधान परिषद प्रत्याशी एवं सपा नेता गौरव जैन ने कहा कि मुजफ्फरनगर का व्यापारी अपनी मेहनत और उद्यम के दम पर स्थानीय अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि व्यापारी की दुकान केवल उसकी आय का साधन नहीं, बल्कि उसके परिवार और कर्मचारियों की आजीविका का आधार भी है। उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि छोटे व्यापारियों के अधिकार और सुविधाओं को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष समाजवादी व्यापार सभा अब्दुल मुत्तलिब ने कार्यक्रम में पहुंचे व्यापारियों, पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पीडीए व्यापारी जनसंवाद का उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं को सुनना और उन्हें संगठन के माध्यम से आगे उठाना है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर के व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाना समाजवादी व्यापार सभा की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम को असद पाशा, अंसार आढ़ती, मो. नियाज हैदर, फिरोज अंसारी, विपिन लाटियान, राशिद मलिक, डॉ. इसरार अल्वी और अरशद मलिक आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व्यापार सभा रजनीश गुप्ता, सपा प्रदेश सचिव डॉ. अजय चौरसिया, व्यापार सभा प्रदेश उपाध्यक्ष अक्षय जैन अरिहंत, लखनऊ व्यापार सभा जिलाध्यक्ष संजय यादव और पूर्व मीरापुर प्रत्याशी हाजी लियाकत कुरैशी अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सांसद एवं सपा नेता कादिर राणा ने की, जबकि संचालन सपा नेता साजिद हसन और असद पाशा ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में डॉ. नूर हसन सलमानी, सोनू चौधरी, शमी खान, जब्बार जोला, जावेद प्रधान, नवनीत अग्रवाल, नेम5 मलिक ‘बबली’, गय्यूर मलिक, बाबर, जफर चोकड़ा, आलम बागोवाली, मोइन त्यागी, अश्वनी जैन, विक्की, शौकीन चौधरी, अर्जुन राठी, अमित चौधरी, शेंकी चौधरी, कामिल नेताजी, जुनैद चौधरी, सरफराज प्रधान, मुस्तफा राणा, अटल नेता, मो. शोएब चोकड़ा, अब्दुल्ला त्यागी, समीर त्यागी, उस्मान प्रधान, अल्तमश सरवट, राशिद मलिक, नसीम कस्सार, मन्नान त्यागी और वाजु प्रधान सुजड़ू समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
