Homeउत्तर प्रदेशमुठभेड़ में 20.5 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार

मुठभेड़ में 20.5 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। तितावी क्षेत्र में नहर पटरी पर चेकिंग के दौरान पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम की गांजा तस्कर से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार तस्कर ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर जंगल की ओर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसके कब्जे से 20.575 किलोग्राम गांजा, एक तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है। बरामद गांजे की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात थाना तितावी पुलिस और एसओजी देहात की टीम हैदरनगर बिजलीघर के पास मुकुंदपुर-शाहपुर मार्ग पर नहर पटरी पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से बाइक सवार युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी डालकर उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने बाइक लखान की ओर मोड़कर भागने का प्रयास किया।

पुलिस टीम ने पीछा किया तो तेज रफ्तार के कारण बाइक कुछ दूरी पर अनियंत्रित होकर गिर गई। आरोपी बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागने लगा। पुलिस के मुताबिक, उसने पीछे मुड़कर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने बाल-बाल बचते हुए आरोपी को फायरिंग बंद कर आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं रुका। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी नितिन पुत्र सोनवीर निवासी नूनाखेड़ा, तितावी, मूल निवासी गूंगाखेड़ी, रमाला, बागपत घायल हो गया।

घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 20.575 किलो गांजा, सुपर स्प्लेंडर बाइक यूपी-12-एएस-432, एक तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस 315 बोर बरामद किया है।

गांजा सप्लाई करने जा रहा था आरोपी

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गांजा सस्ते दामों में खरीदकर अलग-अलग स्थानों पर महंगे दामों में सप्लाई करता था। घटना के समय भी वह गांजे की खेप लेकर सप्लाई के लिए जा रहा था। पुलिस अब उसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है, ताकि गांजा सप्लाई करने वाले नेटवर्क और खरीदारों तक पहुंचा जा सके।

पहले से दर्ज हैं नौ मुकदमे

पुलिस के अनुसार नितिन के खिलाफ मुजफ्फरनगर और बागपत के विभिन्न थानों में पहले से नौ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें शस्त्र अधिनियम, हत्या के प्रयास, आबकारी अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं के मुकदमे शामिल हैं। तितावी थाने में उसके खिलाफ मुठभेड़ और गांजा बरामदगी के मामले में मु0अ0सं0 217/26, धारा 109(1) बीएनएस, 3/25/27 शस्त्र अधिनियम और 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

कार्रवाई थानाध्यक्ष जयवीर सिंह के नेतृत्व में तितावी पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने की। टीम में एसओजी देहात प्रभारी मोहित चौधरी समेत तितावी पुलिस और एसओजी के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments