रिपोर्टर: कबीर
मुजफ्फरनगर। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत थाना खालापार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन शातिर स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 200 ग्राम स्मैक, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद की गई है। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
पुलिस के अनुसार, थाना खालापार प्रभारी निरीक्षक बबलू सिंह वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान शामली बाईपास स्थित राणा चौक से गश्त करते हुए टीम वहलना फ्लाईओवर के नीचे पहुंची, जहां एक मोटरसाइकिल के पास खड़े तीन युवक पुलिस को देखकर घबरा गए। संदेह होने पर पुलिस ने तीनों की तलाशी ली, जिसमें उनके कब्जे से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोविंद पुत्र अरविंद, सचिन पुत्र राजेंद्र कुमार और राहुल कुमार पुत्र गुलाब सिंह, निवासी हरियाखेड़ा, थाना बुढ़ाना, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक गोविंद के पास से 50 ग्राम, सचिन के पास से 75 ग्राम और राहुल के पास से 75 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना खालापार में मुकदमा संख्या 116/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि स्मैक तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक बबलू सिंह वर्मा, उपनिरीक्षक विकास सिंघल, हेड कांस्टेबल मुरलीधर, हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार तथा कांस्टेबल विमल कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
