रिपोर्टर: कबीर
मुजफ्फरनगर। जिले की कोतवाली नगर पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक रिवाल्वर समेत पांच अवैध असलहे बरामद किए हैं। वहीं कार्रवाई के दौरान एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार 25 जून की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि दधेडू रजवाहा रेलवे लाइन पुल के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही थाना कोतवाली नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्ष त्यागी पुत्र दीपक त्यागी निवासी नॉर्थ सिविल लाइन, थाना सिविल लाइन, मुजफ्फरनगर तथा कबीर बालियान पुत्र अमित बालियान निवासी ग्राम जीवना, थाना मंसूरपुर, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। वहीं समीर उर्फ फौजी पुत्र हनीफ निवासी कस्बा एवं थाना खतौली पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32 बोर की एक रिवाल्वर, 315 बोर के तीन तमंचे तथा 12 बोर का एक तमंचा बरामद किया। इस मामले में थाना कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 286/2026 धारा 3/5/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी हर्ष त्यागी का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ थाना सिविल लाइन, मंसूरपुर और नई मंडी थानों में विभिन्न धाराओं के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं।
यह पूरी कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मिलन चौधरी, सोनू कुमार, आयुष्मान शर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और अवैध हथियारों के कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
