रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। विवादित भूमि पर दोबारा निर्माण कराए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि वर्ष 2022 में मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने इसी भूमि पर विकसित की जा रही कथित अवैध कॉलोनी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निर्माण को ध्वस्त कराया था। अब वर्ष 2026 में इसी स्थान पर दोबारा निर्माण कार्य शुरू किए जाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता फरमान और अब्दुल्लाह ने आरोप लगाया है कि शारिक, जुनैद और वसीम द्वारा एमडीए के नाम का कथित तौर पर इस्तेमाल करते हुए लोगों से अवैध वसूली की जा रही है और विवादित भूमि पर निर्माण कराया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि एमडीए के नाम पर लोगों से धन लिए जाने के साथ ही निर्माण कार्य भी कराया जा रहा है।
मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी सवाल उठ रहे हैं कि यदि वर्ष 2022 में एमडीए द्वारा उक्त भूमि पर कार्रवाई करते हुए निर्माण ध्वस्त कराया गया था, तो उसी स्थान पर दोबारा निर्माण कैसे शुरू हो गया। शिकायतकर्ताओं ने संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, भूमि एवं निर्माण की वैधानिक स्थिति स्पष्ट करने तथा यदि निर्माण नियमों के विपरीत पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले में संबंधित पक्षों का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
