Homeउत्तर प्रदेशगोदभराई दिवस पर गूंजा पोषण और सुरक्षित मातृत्व का संदेश

गोदभराई दिवस पर गूंजा पोषण और सुरक्षित मातृत्व का संदेश

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को बुढ़ाना परियोजना क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों पर गोदभराई दिवस उत्सव के रूप में मनाया गया। कार्यक्रमों में गर्भवती महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षित प्रसव को लेकर जागरूक किया गया। आंगनबाड़ी केंद्रों पर हुए आयोजनों में महिलाओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की देखभाल के जरूरी उपाय बताए गए।

ग्राम खरड़ में आयोजित कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी सुमन तोमर ने प्रतिभाग किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा आयरन और कैल्शियम की गोलियों का सेवन करने की सलाह दी। व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने और किसी भी स्वास्थ्य समस्या पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की दी जानकारी

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पात्र महिलाओं को योजना के उद्देश्य और मिलने वाले लाभ से अवगत कराते हुए इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। गर्भावस्था के दौरान समय-समय पर जांच कराने और संस्थागत प्रसव के महत्व पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी, सीएचओ और एएनएम की मौजूदगी रही। ग्राम प्रधान ने महिलाओं से आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का लाभ उठाने और स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति सजग रहने की अपील की।

परियोजना क्षेत्र में कार्यक्रमों की निगरानी के लिए सुपरवाइजर कु. ईशा ने कल्याणपुर, कु. शिवानी ने खरड़ व करौंदा महाजन और कु. दीपा ने बिटावदा व कुरथल में पहुंचकर गोदभराई दिवस का पर्यवेक्षण किया।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने महिलाओं को विभाग की विभिन्न मातृ एवं बाल विकास सेवाओं की जानकारी दी। साथ ही स्थानीय और पौष्टिक खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करने, पर्याप्त पानी पीने और गर्भावस्था में किसी भी परेशानी पर समय से चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से विभाग ने संदेश दिया कि पोषित मां और स्वस्थ शिशु ही स्वस्थ समाज की मजबूत आधारशिला हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments