रिपोर्ट – कबीर
मुज़फ्फरनगर भोकरहेड़ी। कस्बे के मुख्य बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक की मिनी ब्रांच में देर रात चोरी का प्रयास किया गया। तीन संदिग्धों ने शटर के ताले में आग लगाकर उसे तोड़ने की कोशिश की। सामने स्थित क्लीनिक के सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गई। घटना के बाद व्यापारियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
थाना भोपा क्षेत्र के मोहल्ला लोकुपुरा उत्तरी निवासी लवकुमार मुख्य बाजार में एसबीआई की मिनी ब्रांच संचालित करते हैं। रविवार सुबह केंद्र पर पहुंचे तो शटर के ताले पर धुएं के निशान देखकर उन्हें चोरी के प्रयास की जानकारी हुई। ताले को आग लगाकर तोड़ने का प्रयास किया गया था।
इसके बाद मिनी ब्रांच के सामने चिकित्सक के क्लीनिक पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में देर रात तीन संदिग्ध मिनी ब्रांच के पास पहुंचकर ताला तोड़ने का प्रयास करते दिखाई दिए। संदिग्धों ने पहले क्लीनिक के बाहर लगे बल्ब को उतारकर सड़क किनारे रख दिया। इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी कैमरे की दिशा बदलने का प्रयास किया।
लवकुमार ने घटना की सूचना डायल-112 पर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है।
मुख्य बाजार में बैंक की मिनी ब्रांच में चोरी के प्रयास से व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। व्यापारियों ने पुलिस से रात के समय बाजार में गश्त बढ़ाने और वारदात का जल्द खुलासा करने की मांग की है।
