रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े बाइक से घर लौट रहे किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात अकबरपुर मथेडी गांव के जंगल में हुई। अज्ञात हमलावरों ने किसान पर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने तीन पुलिस टीमों का गठन किया है।
मृतक की पहचान प्रवीण उर्फ प्रविंदर निवासी रायपुर नगली के रूप में हुई है। बताया गया कि प्रवीण बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान अकबरपुर मथेडी गांव के जंगल में अज्ञात हमलावरों ने उसे निशाना बना लिया। फायरिंग में गोली लगने से उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
दिनदहाड़े किसान की हत्या की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी और रतनपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के रास्तों और संभावित घटनास्थलों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश देने की तैयारी में हैं।
एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महादिक ने बताया कि 27 सितंबर को रतनपुरी पुलिस को एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर वह स्वयं और सीओ बुढ़ाना के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान प्रवीण उर्फ प्रविंदर के रूप में हुई है। शव को मोर्चरी भेज दिया गया है और मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
