रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। सामाजिक न्याय पार्टी जनादेश के तत्वावधान में राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) मैदान, मुजफ्फरनगर में ओबीसी एवं एससी आरक्षण के वर्गीकरण की मांग को लेकर प्रथम विशाल महारैली का आयोजन किया गया। महारैली में अतिपिछड़े एवं महादलित समाज के अधिकारों की आवाज को बुलंद किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सामाजिक न्याय पार्टी जनादेश के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कश्यप जी, इंडियन जनसेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनेश सैन जी तथा राष्ट्रीय उदय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूराम पाल जी उपस्थित रहे।
महारैली को संबोधित करते हुए सामाजिक न्याय पार्टी जनादेश के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कश्यप जी ने कहा कि आजादी के बाद से अब तक देश और उत्तर प्रदेश में विभिन्न राजनीतिक दलों की सरकारें रही हैं, लेकिन अतिपिछड़े एवं महादलित समाज को उनके वास्तविक अधिकारों से वंचित रखा गया है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय पार्टी जनादेश का गठन अतिपिछड़े एवं महादलित समाज के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक उत्थान के साथ-साथ उन्हें उनका हक और अधिकार दिलाने के उद्देश्य से किया गया है।
उन्होंने कहा कि ओबीसी एवं एससी आरक्षण के वर्गीकरण की मांग सामाजिक न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों को उनका उचित प्रतिनिधित्व एवं अधिकार मिलना चाहिए, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कश्यप जी ने कहा कि मिशन 2027 के तहत सामाजिक न्याय पार्टी जनादेश संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। पार्टी वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लगभग 100 विधानसभा सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत करें तथा सामाजिक न्याय की लड़ाई को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि अतिपिछड़े एवं महादलित समाज के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा और समाज को उसका हक दिलाने के लिए पार्टी निरंतर संघर्ष करती रहेगी।
महारैली के माध्यम से सामाजिक न्याय, समान अधिकार, उचित प्रतिनिधित्व तथा ओबीसी एवं एससी आरक्षण के वर्गीकरण की मांग को प्रमुखता से उठाया गया।
