Homeउत्तर प्रदेशकाली नदी के खंडहर में छिपे मेरठ के दो आरोपी गिरफ्तार, तमंचे...

काली नदी के खंडहर में छिपे मेरठ के दो आरोपी गिरफ्तार, तमंचे और कारतूस बरामद

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। खालापार थाना पुलिस ने काली नदी के पास बंद पड़े खंडहर में दबिश देकर मेरठ के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में दोनों के कब्जे से दो अवैध तमंचे और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की शाहजहां कॉलोनी निवासी शादाब और ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के खत्ता रोड निवासी जुबैर के रूप में हुई है।

थाना प्रभारी विजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 28 अक्टूबर को यह कार्रवाई की। पुलिस ने शादाब के कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया, जबकि जुबैर के पास से .12 बोर का एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस मिलने की जानकारी दी है। दोनों के खिलाफ खालापार थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

जुबैर पर पहले से कई मुकदमे दर्ज

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार जुबैर का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ मेरठ, गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, पशु क्रूरता, अवैध हथियार, आबकारी और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। मुजफ्फरनगर के भोपा थाने में भी उसके खिलाफ लूट से संबंधित मुकदमे दर्ज होने का उल्लेख पुलिस रिकॉर्ड में है।

शादाब पर गैंगस्टर समेत कई मामले

पुलिस के मुताबिक, शादाब के खिलाफ मेरठ के लिसाड़ी गेट थाने में लूट, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2019 और 2020 में भी आपराधिक मामले दर्ज किए गए थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इन पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक संजय सिंह, हेड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह और कांस्टेबल शेर सिंह, कृष्णपाल, नीरज कुमार व विपिन कुमार शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments