रिपोर्ट – ओमप्रकाश
चित्रकूट। चित्रकूट में आगामी 1 नवंबर को आयोजित होने वाले बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार सुबह 10 बजे कर्वी कचहरी परिसर से जागरूकता वैन को जनपद न्यायाधीश ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को शिविर के प्रति जागरूक करेगी, ताकि पात्र लाभार्थियों को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। चित्रकूट के राष्ट्रीय रामायण मेला स्थल पर 1 नवंबर को बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव इला चौधरी ने बताया कि जनपद न्यायाधीश के मार्गदर्शन और जिला प्रशासन के सहयोग से इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है, ताकि जरूरतमंदों को विभिन्न योजनाओं का लाभ एक ही छत के नीचे मिल सके।
इस शिविर में विशेष रूप से बच्चों, विद्यार्थियों, महिलाओं, निर्धन एवं कमजोर वर्गों, श्रमिकों और दिव्यांगजनों को लाभान्वित करने पर जोर दिया जाएगा।
इसी उद्देश्य से कर्वी कचहरी परिसर से जागरूकता प्रचार वाहनों को रवाना किया गया। ये वाहन जिले के शहरी और दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचकर आम जनता को शिविर की जानकारी देंगे और पात्र लोगों को इसका लाभ उठाने के लिए जागरूक करेंगे।
