रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज की क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर की अंतरमहाविद्यालय क्रिकेट (पुरुष वर्ग) प्रतियोगिता-2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में श्रीराम कॉलेज ने एसडी (पीजी) कॉलेज की टीम को 73 रन से करारी शिकस्त दी। श्रीराम कॉलेज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 157 रन बनाए, जिसके जवाब में एसडी कॉलेज की टीम 84 रन पर सिमट गई।
श्रीराम कॉलेज में आयोजित पांच दिवसीय प्रतियोगिता के अंतिम दिन फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर श्रीराम कॉलेज की टीम ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। टीम के बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में रन बटोरे और निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 157 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से हर्षित नामदेव ने 48 गेंदों पर 50 रन की शानदार पारी खेली और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
गेंदबाजों के आगे नहीं टिक सके एसडी कॉलेज के बल्लेबाज
158 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसडी (पीजी) कॉलेज की टीम श्रीराम कॉलेज के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम दबाव से उबर नहीं सकी और 15 ओवर में 84 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह श्रीराम कॉलेज ने 73 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर विश्वविद्यालय स्तर पर अपनी श्रेष्ठता साबित की।
चेयरमैन और प्राचार्या ने दी बधाई
जीत के बाद श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के चेयरमैन डॉ. एससी कुलश्रेष्ठ ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की अंतरमहाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब जीतना महाविद्यालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी तरह प्रदर्शन करने की उम्मीद जताई।
कॉलेज की प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की लगन, मेहनत और निरंतर अभ्यास ने इस जीत को संभव बनाया है। वहीं, बीसीसीआई सदस्य एवं मुजफ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मनोज पुंडीर ने भी खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना की।
प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की ओर से पर्यवेक्षक एवं चयनकर्ता के रूप में डॉ. शरद चौधरी, प्राचार्य राजकीय बालिका महाविद्यालय, बेहट, सहारनपुर मौजूद रहे। श्रीराम कॉलेज के डीन एकेडमिक्स डॉ. विनीत कुमार शर्मा ने भी विजेता टीम को बधाई दी।
इस दौरान शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रमोद कुमार, टीम कोच अमरदीप शर्मा और टीम मैनेजर तरुण वर्मा सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। प्रतियोगिता में अंपायर की भूमिका मोहम्मद शोएब और पलक शर्मा ने निभाई, जबकि स्कोरर जय साहनिया और विशु रहे।
