रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। दीपावली से पहले पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। खालापार थाना पुलिस ने प्रेमपुरी रोड खादरवाला के पास चेकिंग के दौरान दो लोगों को चार कार्टून पटाखों के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों के पास पटाखे रखने का कोई लाइसेंस नहीं था।
थाना प्रभारी विजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार को प्रेमपुरी रोड खादरवाला के पास कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से नमन पुत्र पुनीत निवासी दाल मंडी, थाना कोतवाली और पुनीत पुत्र स्वर्गीय आनंद प्रकाश निवासी दाल मंडी को पकड़ा।
तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से चार कार्टून पटाखे बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, पटाखों के संबंध में दोनों कोई वैध लाइसेंस या अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने बरामद पटाखों को कब्जे में लेते हुए दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज किया।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। त्योहार के मद्देनजर पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने वालों में खलबली मची है।
