Homeउत्तर प्रदेशदंगा मामले में 13 साल बाद बड़ा फैसला, फुगाना लूटपाट-आगजनी के 15...

दंगा मामले में 13 साल बाद बड़ा फैसला, फुगाना लूटपाट-आगजनी के 15 आरोपी बरी

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। वर्ष 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों के दौरान फुगाना गांव में हुई लूटपाट और आगजनी के मामले में करीब 13 साल बाद अदालत ने अहम फैसला सुनाया है। फास्ट ट्रैक कोर्ट संख्या-प्रथम ने तीन अलग-अलग मुकदमों की एक साथ सुनवाई करते हुए 15 आरोपियों को दोषमुक्त करार देकर बरी कर दिया। अभियोजन पक्ष अदालत में आरोप साबित करने के लिए ठोस साक्ष्य पेश नहीं कर सका। सुनवाई के दौरान सभी गवाह अपने पुराने बयानों से मुकर गए, जिसके चलते आरोपियों को संदेह का लाभ मिला।

पीठासीन अधिकारी ज्योत्सना सिवाच ने सोमवार को फैसला सुनाया। मामला तीन अलग-अलग पत्रावलियों में दर्ज था। अभियोजन पक्ष की ओर से आरोपों को साबित करने के लिए गवाह पेश किए गए, लेकिन कोई भी गवाह अपने पूर्व कथनों पर कायम नहीं रहा। इसके चलते अभियोजन पक्ष का मुकदमा कमजोर पड़ गया। मुकदमे के दौरान एक आरोपी राजकुमार की मृत्यु भी हो चुकी थी।

बचाव पक्ष के अधिवक्ता सोराज मलिक और राहुल चौधरी ने बताया कि अभियोजन पक्ष आरोपियों के खिलाफ आरोप साबित करने में पूरी तरह असफल रहा। अदालत ने साक्ष्यों के अभाव में सभी 15 आरोपियों को बरी कर दिया।

तीन शिविरों में दर्ज हुई थीं शिकायतें

फुगाना गांव में हुई घटना का संबंध सात सितंबर 2013 को नंगला मंदौड़ में हुई पंचायत के बाद भड़की हिंसा से जुड़ा था। पंचायत से लौट रहे लोगों पर हमले के बाद जिले के कई इलाकों में हिंसा फैल गई थी। फुगाना गांव में भी लूटपाट, आगजनी और मारपीट की घटनाएं हुई थीं। आरोप था कि हमलावरों ने घरों में घुसकर सामान लूटा और आग लगा दी।

इस मामले में मजदूर सलीम ने कांधला राहत शिविर में शिकायत दी थी, जबकि उसके दो भाइयों ने लोई और कैराना शिविरों में अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई थीं। पुलिस ने तीनों शिकायतों के आधार पर 21 लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए थे। बाद में जांच एसआईटी को सौंप दी गई। एसआईटी ने जांच के बाद 16 आरोपियों के खिलाफ तीन अलग-अलग आरोपपत्र अदालत में दाखिल किए थे।

इन 15 आरोपियों को मिली राहत

अदालत से बरी होने वालों में गौरव वर्मा, सुमित, अजीत, गौरव, रतन सिंह, नरेन, योगेश, पुष्पेंद्र, मोंटी, विकास, योगेश पुत्र भूषण, विनोद, पंकज शर्मा, जितेंद्र और रॉकी शामिल हैं।

कवाल की घटना से शुरू हुआ था तनाव

मुजफ्फरनगर में सांप्रदायिक तनाव की शुरुआत 26 अगस्त 2013 को कवाल गांव की घटना से हुई थी। बाइक और साइकिल की टक्कर के बाद विवाद बढ़ा और गौरव व सचिन की हत्या कर दी गई। इस घटना में घायल शाहनवाज की भी उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद 28 अगस्त को अंतिम संस्कार से लौट रहे लोगों के दौरान कवाल में पत्थरबाजी और आगजनी हुई। 30 अगस्त को खालापार में ज्ञापन दिया गया और इसके बाद नंगला मंदौड़ में पंचायतों का दौर चला। सात सितंबर की पंचायत से लौट रहे लोगों पर हमले के बाद जिले के कई हिस्सों में हिंसा भड़क उठी।

65 लोगों की गई थी जान, 50 हजार ने छोड़ा था घर

दंगों के बाद सरकारी आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 510 प्राथमिकी दर्ज की गई थीं। इनमें 175 मामलों में आरोपपत्र दाखिल हुए, जबकि 165 मामलों में अंतिम रिपोर्ट लगाई गई। हिंसा में 65 लोगों की जान गई थी और करीब 50 हजार लोगों को घर छोड़कर राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी थी। दंगे से जुड़े अब तक 126 मामलों में अदालतों के फैसले आ चुके हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments