Homeराष्ट्रीयमुज़फ्फरनगर बनेगा ‘स्मार्ट सिटी’ मॉडल, नवयुग पालिका योजना में शामिल— बड़ी सौगात

मुज़फ्फरनगर बनेगा ‘स्मार्ट सिटी’ मॉडल, नवयुग पालिका योजना में शामिल— बड़ी सौगात

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। लखनऊ में आयोजित मंत्रिमंडल की अहम बैठक में जनपद मुजफ्फरनगर को एक ऐतिहासिक सौगात मिली है। नवयुग पालिका योजना के तहत नगर पालिका मुजफ्फरनगर को अब स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। मंत्री कपिल देव अग्रवाल के प्रस्ताव पर सरकार ने मुहर लगा दी है, जिससे जिले के विकास को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा के समक्ष मुजफ्फरनगर को स्मार्ट सिटी मॉडल पर विकसित करने का प्रस्ताव रखा था, जिसे अब मंजूरी मिल गई है। उन्होंने कहा कि यह फैसला जनपद के समग्र और संतुलित विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
सरकार की इस पहल के तहत शहर में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होगा और पेयजल, स्ट्रीट लाइट, डिजिटल सेवाओं समेत सभी नागरिक सुविधाओं को आधुनिक बनाया जाएगा। इसके साथ ही शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को भी स्मार्ट तकनीक से जोड़ा जाएगा, जिससे लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
नवयुग पालिका योजना के अंतर्गत प्रदेश के 58 नगर निकायों का चयन किया गया है, जिनके लिए प्रतिवर्ष 583.20 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इस वित्तीय प्रावधान से योजनाओं को तेजी से जमीन पर उतारने में मदद मिलेगी और शहरों का विकास सुनियोजित तरीके से किया जाएगा।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने इस फैसले के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय मुजफ्फरनगर को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और स्मार्ट शहर के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments