Homeराष्ट्रीयनवनिर्माण के 9 वर्ष पूरे होने पर चरथावल ब्लॉक में विकास का...

नवनिर्माण के 9 वर्ष पूरे होने पर चरथावल ब्लॉक में विकास का लेखा-जोखा, योजनाओं की गूंज के बीच लाभार्थियों का सम्मान

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के नवनिर्माण के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद के खंड विकास कार्यालय चरथावल में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विकास की उपलब्धियों का व्यापक प्रदर्शन हुआ और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख अक्षय पुण्डीर ने की। इस अवसर पर क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, गणमान्य व्यक्तियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान खंड विकास अधिकारी प्रवीण कुमार, एडीओ (आरडी) कमल कुमार एवं एडीओपी सोमदत्त ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए ग्रामीणों को उनके लाभों से अवगत कराया।
खंड विकास अधिकारी ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का बखान करते हुए कहा कि सरकार की मंशा अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की है, जिसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित भी किया।
कार्यक्रम में पांच शौचालय लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए, वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच सफाई कर्मियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बन गया।
इसके साथ ही कृषि, कृषि रक्षा, स्वास्थ्य, पशुपालन, सहकारिता, महिला कल्याण, समाज कल्याण, पंचायत विभाग एवं एनआरएलएम विभाग द्वारा स्टॉल लगाकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। इन स्टॉलों पर लोगों की खासी भीड़ रही और ग्रामीणों ने योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम ने जहां सरकार की उपलब्धियों को सामने रखा, वहीं ग्रामीणों को योजनाओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी बना।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments