रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। विकास खण्ड खतौली में गुरुवार को मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन हुआ, जहां एक ही मंच पर 86 जोड़ों ने सात फेरे लेकर नई जिंदगी की शुरुआत की। कार्यक्रम ने न केवल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहारा दिया, बल्कि सामाजिक एकता और सद्भाव का भी सशक्त संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार के ऊर्जा एवं वैकल्पिक ऊर्जा विभाग के राज्य मंत्री और जनपद प्रभारी डॉ. सोमेंद्र तोमर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि सरकार की यह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए संबल बन रही है और बेटियों के सम्मान को नई पहचान दे रही है।
कार्यक्रम के दौरान कुल 86 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जिनमें 59 हिंदू और 27 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। एक ही पंडाल में अलग-अलग रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुए इन विवाहों ने सामाजिक समरसता की मिसाल पेश की।
समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी, वरिष्ठ भाजपा नेता अभिषेक गुर्जर, प्रमुख गौतम सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, खेल अधिकारी पूनम विश्नोई और क्रीड़ा अधिकारी प्रमोद कुमार भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम का संचालन खंड विकास अधिकारी ज्योति बाला ने किया, जिन्होंने अपनी शायरी और प्रस्तुति से माहौल को और भी यादगार बना दिया। उनके अंदाज की उपस्थित अतिथियों ने खुलकर सराहना की।
योजना के अंतर्गत सभी नवविवाहित जोड़ों को शासन द्वारा निर्धारित उपहार सामग्री प्रदान की गई, वहीं ग्राम प्रधान संगठन की ओर से सभी वर-वधू को घड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में सभी जोड़ों को मिष्ठान वितरित कर हर्षोल्लास के साथ विदा किया गया।

