रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन और जागरूकता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत जनपद में जागरूकता कार्यक्रमों की कड़ी को और तेज किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना नई मंडी क्षेत्र में क्षेत्राधिकारी राजू कुमार साव के नेतृत्व में शिव मंदिर एवं माता वैष्णो धाम मंदिर परिसर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया, जहां महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति सजग किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने मंदिर परिसर में उपस्थित महिलाओं को न केवल सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और सजग बनने के लिए भी प्रेरित किया। इस अवसर पर महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों—1090, 112 और 181—की उपयोगिता समझाते हुए बताया गया कि आपातकालीन स्थिति में इन सेवाओं का किस प्रकार प्रभावी ढंग से इस्तेमाल किया जा सकता है।
इसके साथ ही साइबर अपराधों से बचाव, छेड़छाड़ और घरेलू हिंसा जैसी घटनाओं के खिलाफ कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया को भी विस्तार से समझाया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि महिलाएं बिना किसी भय या संकोच के अपनी समस्याएं पुलिस के सामने रखें, उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस हमेशा तत्पर है।
मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं को भी मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया गया और समाज में महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की गई। इस दौरान पोस्टर और पंपलेट वितरित कर अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

