Headlines

पश्चिमी सभ्यता का त्याग करें युवा, हिंदू नव वर्ष को अपनाने का आह्वान

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। हिंदू नव वर्ष के पावन अवसर पर अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय कार्यालय में कार्यक्रम का आयोजन कर नव संवत्सर का स्वागत पारंपरिक तरीके से किया गया। इस दौरान हुतात्मा नाथूराम गोडसे की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत हुई और भगवा ध्वज फहराकर हिंदू नव वर्ष का विधिवत अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष योगेंद्र वर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए पश्चिमी सभ्यता से दूरी बनाने और भारतीय संस्कृति को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हिंदू नव वर्ष प्रकृति के अनुरूप और भारतीय परंपराओं से जुड़ा हुआ है, जबकि अंग्रेजी नव वर्ष का स्वरूप पूरी तरह भिन्न है। उनका कहना था कि वर्तमान समय में युवाओं को अपनी जड़ों से जुड़कर संस्कृति को आगे बढ़ाने की जरूरत है।
युवा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कपिल कश्यप ने भी युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि पश्चिमी संस्कृति की अंधी दौड़ युवाओं को उनके मूल संस्कारों से दूर कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति ही जीवन को सही दिशा दे सकती है और युवाओं को अपने आचरण में इसे उतारना चाहिए। उन्होंने सभी से हिंदू नव वर्ष को ही प्रमुखता से मनाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमरीश त्यागी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष साक्षी वर्मा, टीटू कुमार, सावन प्रजापति, सोना सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *