रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में अलविदा जुमा के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही और नमाज शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। पूरे दिन पुलिस और प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड में नजर आया, वहीं संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने खुद मोर्चा संभालते हुए नगर क्षेत्र में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। खालापार समेत भीड़भाड़ और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में भारी पुलिस बल के साथ मार्च निकालकर आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत और क्षेत्राधिकारी सिद्धार्थ मिश्रा भी मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि त्योहार को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं, सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें न फैलाएं और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी सूचना की पुष्टि पुलिस-प्रशासन से करने की सलाह दी गई, ताकि असामाजिक तत्वों की मंशा नाकाम हो सके।
एसएसपी ने ईदगाह पहुंचकर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और धर्मगुरुओं से संवाद स्थापित कर शांति बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्क रहते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में तत्काल सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने सीसीटीवी निगरानी, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की, ताकि कहीं कोई अव्यवस्था उत्पन्न न हो। साथ ही जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत लोगों के साथ संवाद कर गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित कराने की अपील की गई।
नवरात्रि और आगामी ईद को देखते हुए जनपद में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरती जा रही है, जबकि पीआरवी और मोबाइल यूनिट्स लगातार गश्त कर रही हैं। जोन और सेक्टर स्तर पर अधिकारियों की तैनाती कर प्रशासन ने साफ कर दिया है कि कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

