रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। खतौली पुलिस ने गौवंश चोरी कर अवैध रूप से गौकशी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गौकशी में प्रयुक्त उपकरण और गोवंश के अवशेष भी बरामद किए हैं, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं जिनकी तलाश तेज कर दी गई है।
प्रभारी निरीक्षक दिनेश चन्द्र के नेतृत्व में थाना खतौली पुलिस टीम ने 19 मार्च 2026 की रात करीब 9:05 बजे दुधली कट के पास से मोहल्ला देवीदास निवासी आमिश पुत्र शकील (24 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसके पिता शकील और भाई आजम ने ग्राम खेडी राघडान से एक बछड़े को चोरी कर उसकी हत्या कर मांस बेच दिया था और अवशेषों को नहर में फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार, 15 मार्च को खेडी राघडान निवासी प्रवेश कुमार ने थाना खतौली में तहरीर देकर अपने घर से बछड़ा चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई और जांच के दौरान वीडियो फुटेज व साक्ष्यों के आधार पर तीन आरोपियों की पहचान हुई।
गिरफ्तार अभियुक्त आमिश की निशानदेही पर सठेड़ी नहर मार्ग के पास झाड़ियों से गौकशी में इस्तेमाल किए गए उपकरण बरामद किए गए, जिनमें पशु को बांधने की रस्सी, मुंह बांधने का मुछिका, दांव, छूरा और गोवंश के खुर शामिल हैं। इस बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले भी गोवध अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। फरार आरोपी शकील और आजम की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल नवीन व कमल तथा कांस्टेबल विनीत बालियान की टीम शामिल रही।

