Headlines

युवाओं की उम्मीदों को लगा पंख, 1072 को मिली नौकरी की पहली सीढ़ी‘समृद्धि का नवयुग’ में गूंजा रोजगार का बिगुल, मंत्री सोमेंद्र तोमर ने बांटे नियुक्ति पत्र

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर “समृद्धि का नवयुग, यूपी का स्वर्णयुग” थीम के तहत जनपद में आयोजित वृहद रोजगार मेले ने युवाओं के सपनों को नई उड़ान दी। जानसठ रोड स्थित एस.डी. कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी परिसर में लगे इस मेले में हजारों युवाओं की भीड़ उमड़ी और रोजगार की उम्मीदों ने हकीकत का रूप लेना शुरू कर दिया।
रोजगार मेले में कुल 2047 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से दोपहर तीन बजे तक 1072 युवाओं का विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा प्रारंभिक चयन कर लिया गया। अभी कई कंपनियों की चयन प्रक्रिया जारी है, जिससे आंकड़ा और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। एलएंडटी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एलआईसी, फैस्पी और जेजे इंटरप्राइजेज जैसी नामी कंपनियों के एचआर ने मौके पर ही साक्षात्कार लेकर युवाओं को नौकरी के अवसर दिए।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री एवं राज्य मंत्री ऊर्जा डॉ. सोमेंद्र तोमर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के नौ वर्षों में रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि यह मेला युवाओं के भविष्य को संवारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, एसएसपी संजय वर्मा, बुढ़ाना विधायक राजपाल सिंह बालियान, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी और रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर देशभूषण, अपर जिलाधिकारी गजेन्द्र कुमार, एसडीएम प्रवीण द्विवेदी, जिला सेवायोजन अधिकारी पारूल सिंघल सहित कॉलेज प्रबंधन के पदाधिकारियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। मंच संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया।
मेले के साथ ही कॉलेज परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें स्वास्थ्य, कृषि, गन्ना समेत कई विभागों की योजनाओं की जानकारी आमजन को दी गई। इसके अलावा कॉलेज के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा 19 कंपनियों के साथ एमओयू भी साइन किए गए, जिससे छात्रों को भविष्य में बेहतर प्लेसमेंट, इंटर्नशिप और औद्योगिक प्रशिक्षण के अवसर मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *