रिपोर्ट – शारिक खान

रामपुर। आज 19 मार्च को उत्तर प्रदेश पुलिस के महत्वपूर्ण अभियान “मिशन शक्ति’ फेज 5.0” के तहत जनपद रामपुर में महिला सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक भव्य रैली का आयोजन किया गया । इस रैली को पुलिस अधीक्षक, रामपुर श्री विद्यासागर मिश्र एवं अपर पुलिस अधीक्षक, रामपुर श्री अनुराग सिंह ने शाहबाद गेट से रवाना किया ।
यह बाइक रैली रामपुर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरी । रैली में भाग ले रही सभी महिला आरक्षियों द्वारा महिला सशक्तिकरण से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं और नीतियों के बारे में जानकारी भी दी गई । इसका उद्देश्य समाज में महिलाओं को उनके कानूनी और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना एवं महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जन-जागरूकता फैलाना था ।
महिला पुलिसकर्मियों द्वारा निकाली गई यह रैली समाज के हर वर्ग के लिए एक प्रेरणास्रोत बनी और संदेश दिया कि महिलाएं न केवल सुरक्षा की पात्र हैं, बल्कि स्वयं सुरक्षा देने में भी सक्षम हैं ।
रैली के दौरान, सार्वजनिक स्थानों पर विभिन्न टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, जिनमें-
- महिला सुरक्षा, अधिकारों और सरकारी योजनाओं पर जानकारी
- महिला हेल्पलाइन 1090, हेल्पलाइन 181, 112, 1098, 1930 का प्रचार-प्रसार
- साइबर सुरक्षा और सोशल मीडिया सुरक्षित उपयोग की जानकारी
वर्तमान में बढ़ रहे साइबर अपराधों से बचाव के तरीकों और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में भी महत्वपूर्ण सावधानियां बताई गईं । यह प्रयास महिलाओं को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए सशक्त बनाने के लिए किया गया है ।
“रामपुर पुलिस का यह प्रयास महिलाओं को न केवल आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने की दिशा में है, बल्कि समाज में सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने का एक ठोस कदम भी है

