खतौली में पुलिस द्वारा मुठभेड़ मे फायरिंग के बाद घायल हुआ शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का माल और तमंचा बरामद

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना खतौली क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी घायल हो गया। पुलिस ने मौके से उसे दबोचते हुए अवैध असलहा, कारतूस, चोरी के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किया है। बदमाश पर पहले से ही कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं और वह हाल ही में हुई चोरी की वारदात में वांछित चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, 17 मार्च 2026 को खतौली पुलिस टीम कस्बे में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आवास विकास कॉलोनी में 10 मार्च को दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना में शामिल आरोपी क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस टीम बाल-बाल बच गई और जवाबी कार्रवाई में आरोपी को गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।

घायल बदमाश की पहचान दानिश उर्फ काला पुत्र वारिस निवासी मेरठ के रूप में हुई है, जो लिसाड़ी गेट और लोहियानगर थानों का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, गले की कंठी मय लॉकेट, कानों की छुमकी, एक जोड़ी पाजेब, 4420 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद सामान हाल ही में आवास विकास कॉलोनी में हुई चोरी की घटना से संबंधित बताया जा रहा है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ मेरठ और मुजफ्फरनगर के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाते हुए उसके खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस पूरी कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद बधेल के नेतृत्व में अंजाम दिया गया, जिसमें थाना खतौली की टीम और सर्विलांस सेल के पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *