रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। मंसूरपुर क्षेत्र में गुरुवार शाम उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एटू जेड रोड पर राणा पब्लिक स्कूल के पास ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहम्मदपुर माफी निवासी नितिन पुत्र इंद्रपाल अपने साथी प्रवीण पुत्र विजयपाल निवासी लोहरा के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहा था। जैसे ही उनकी बाइक राणा पब्लिक स्कूल के समीप पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े।
हादसे में बाइक सवार नितिन, उसका साथी प्रवीण और ट्रैक्टर चालक सोहेल पुत्र महबूब निवासी सुजडू गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को आनन-फानन में अस्पताल भिजवाया गया। जहां उपचार के दौरान नितिन और ट्रैक्टर चालक सोहेल ने दम तोड़ दिया, जबकि प्रवीण की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की गहनता से जांच शुरू कर दी है।

