रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक मारपीट की वीडियो ने तीन युवकों को सीधे जेल की हवा खिला दी। थाना मंसूरपुर क्षेत्र में युवक के साथ बेरहमी से की गई पिटाई का मामला जैसे ही इंटरनेट पर सामने आया, पुलिस हरकत में आ गई और ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मामला गांव सराय रसूलपुर का है, जहां रिहान नाम के युवक के साथ कुछ दबंगों ने बुरी तरह मारपीट की थी। घटना का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वीडियो में युवक को घेरकर पीटते हुए आरोपी साफ दिखाई दे रहे थे, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया।
वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए मंसूरपुर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और दबिश देकर तीनों आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुहेल, कैफ और सलामन के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपी पुलिस के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आए, लेकिन कानून के शिकंजे से बच नहीं सके।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है

