रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। अखंड भारत के चक्रवर्ती सम्राट अशोक महान की जयंती के अवसर पर संयुक्त हिंदू महासंघ और शिव सेना के तत्वावधान में अलमासपुर स्थित लक्ष्मी मैरिज होम में भव्य विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में इतिहास के स्वर्णिम अध्याय को याद करते हुए वक्ताओं ने सम्राट अशोक के अद्वितीय शौर्य, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को विस्तार से रेखांकित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, भाजपा नेता गौरव स्वरूप, व्यापारी नेता सुनील तायल और कृष्णगोपाल मित्तल उपस्थित रहे। गोष्ठी की अध्यक्षता समाजसेवी राकेश सैनी एडवोकेट ने की, जबकि संचालन संयुक्त हिंदू मोर्चा अध्यक्ष मनोज सैनी और शिव सेना के मीडिया प्रभारी बसंत कश्यप ने संयुक्त रूप से किया।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि सम्राट अशोक ने अपनी अद्भुत वीरता और कुशल नेतृत्व के बल पर अखंड भारत की स्थापना की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए। उन्होंने कहा कि सम्राट अशोक का जीवन संघर्ष, पराक्रम और जनकल्याण की भावना से परिपूर्ण रहा, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
गोष्ठी के दौरान संयुक्त हिंदू महासंघ व शिव सेना के पदाधिकारियों ने राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल और भाजपा नेता गौरव स्वरूप के समक्ष नगर में सम्राट अशोक की भव्य प्रतिमा स्थापित कराने तथा उनकी जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई।
कार्यक्रम में विभिन्न हिंदू और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ सर्व समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान डॉ. योगेंद्र शर्मा (प्रदेश महासचिव, शिव सेना), अखिलेश जाटव (अध्यक्ष, संयुक्त हिंदू महासंघ), बागेश अग्रवाल (प्रदेश अध्यक्ष), राजेश कश्यप (मंडल अध्यक्ष, शिव सेना), लोकेश सैनी (जिला अध्यक्ष, शिव सेना), पुष्पेंद्र सैनी, शैंकी शर्मा (युवा जिलाध्यक्ष), संजय गोयल, वीरेंद्र त्यागी, हरीश पालीवाल, शालू सैनी, गीता गुर्जर, सुनीता मलिक, कल्पना ठाकुर, शालिनी शर्मा, नेहा गोयल, संगीता चौधरी, श्रीपाल जैन, अभिषेक गुर्जर, सतीश कुकरेजा, सभासद अमित सुधा वाल्मीकि, प्रमोद, डॉ. शिव कुमार, यशकुमार बुढ़ाना, आशीष शर्मा, अंकित बालियान, प्रदीप कोरी, विशाल सिंघल, राजकुमार सैनी, सूरज मिश्रा, सोनू कुमार और संजय कौशिक समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

