कोयला चौपाल में मण्डलायुक्त का जनसंवाद, योजनाओं के क्रियान्वयन पर जोर
रिपोर्ट – शारिक खान

रामपुर। मण्डलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने विकास खण्ड चमरव्वा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोयला मे ग्राम चौपाल मे पहुंचकर चौपाल में प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन एवं विभिन्न पेंशन योजनाओं के सम्बन्ध में ग्रामवासियों से सीधा संवाद किया मण्डलायुक्त ने ग्रामवासियों से बच्चों की शिक्षा के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा अभिभावकों को बच्चों को नियमित स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ मिट्टी के बर्तन एवं खिलौनों के माध्यम से रचनात्मक ज्ञान भी दिया जाए।
उन्होंने कहा कि बच्चों का समय से टीकाकरण कराया जाए, जिससे उन्हें शारीरिक विकृतियों से बचाया जा सके। साथ ही बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। मण्डलायुक्त ने आंगनबाड़ी केन्द्रों पर दी जा रही शिक्षा की भी जानकारी ली।
ग्राम में टीबी के मामलों की जानकारी लेने पर पाया गया कि 6 मरीज टीबी से ग्रसित हैं। इस पर उन्होंने कहा कि टीबी से घबराने की आवश्यकता नहीं है, इसकी दवा सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क उपलब्ध है तथा खान-पान का विशेष ध्यान रखा जाए समीक्षा के दौरान जननी सुरक्षा योजना के 81 आवेदन लंबित पाए गए, जिस पर मण्डलायुक्त ने ग्राम सचिव को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। ग्राम में पंचायत सहायक के रिक्त पद को शीघ्र भरने के निर्देश भी दिए गए उन्होंने कोटेदार द्वारा समय से राशन वितरण एवं गांव में साफ-सफाई की स्थिति के बारे में जानकारी ली। विद्युत विभाग द्वारा अधिक बिल आने की शिकायतों पर अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मनरेगा के अंतर्गत 651 आईडी में से 20 आईडी लिंक न होने पर शीघ्र लिंक कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही फैमिली आईडी से लोगों को शीघ्र जोड़े जाने के निर्देश दिए। मण्डलायुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत सर्वे में शामिल लाभार्थियों के नाम भी पढ़कर सुनाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री गुलाब चन्द्र, अपर आयुक्त श्री अरुण कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारीगण एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

