झाड़फूंक के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह दबोचा, महिला समेत तीन गिरफ्तार

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। झाड़फूंक और तांत्रिक क्रिया के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर घरों से आभूषण ठगने वाले संगठित गिरोह का खालापार पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने गिरोह की एक महिला सदस्य समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया कंगन, तीन मोबाइल फोन, एक बैग, 4750 विजिटिंग कार्ड और एक वैगनआर कार बरामद की है।
खालापार थाना प्रभारी बबलू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई करते हुए ऐसे गिरोह पर शिकंजा कसा है, जो शहर और आसपास के क्षेत्रों में अंधविश्वास का जाल बिछाकर लोगों को निशाना बना रहा था।


पुलिस के अनुसार 16 अप्रैल को एक पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात महिला ने झाड़फूंक के बहाने घर में रखे आभूषण एक पोटली में रखवाए और फिर चालाकी से पोटली बदलकर जेवर लेकर फरार हो गई। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गुरुवार को तीन आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में आबिद पुत्र रशीद निवासी अर्थला थाना साहिबाबाद गाजियाबाद, असलम उर्फ युसुफ पुत्र इलियास निवासी पांची थाना चांदीनगर बागपत तथा नगीना पत्नी आरिफ निवासी रामपार्क लोनी गाजियाबाद शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका संगठित गिरोह विभिन्न स्थानों पर विजिटिंग कार्ड बांटता था। कार्ड पर संपर्क करने वालों को तंत्र-मंत्र और झाड़फूंक के नाम पर भरोसे में लिया जाता था। इसके बाद घर पहुंचकर आभूषण पोटली में रखवाकर उसे बदल दिया जाता था और गिरोह फरार हो जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरोह की गतिविधियों और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *