रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने गुरुवार को थाना चरथावल का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में व्यवस्थाओं की गहन पड़ताल की गई और अधीनस्थ अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए।
निरीक्षण की शुरुआत मिशन शक्ति केंद्र और महिला हेल्प डेस्क से हुई, जहां आने वाली पीड़ित महिलाओं की शिकायतों के निस्तारण, दर्ज विवरण और की गई कार्रवाई की बारीकी से समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।
इसके बाद थाना कार्यालय, मालखाना, बंदीगृह, संतरी पहरा, कंप्यूटर कक्ष, विवेचक कक्ष, साइबर हेल्प डेस्क, शौचालय, स्नानघर, मेस, पेयजल व्यवस्था, मंदिर परिसर और अग्निशमन उपकरणों का निरीक्षण किया गया। मालखाने में रखे शस्त्रों की साफ-सफाई, रखरखाव और अभिलेखों की स्थिति को भी परखा गया।

पुलिस अधीक्षक नगर ने त्योहार रजिस्टर, चुनाव रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर, अपराध रजिस्टर तथा टॉप-10 अपराधियों की सूची का अवलोकन करते हुए अपराधियों पर और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने नए सिरे से सक्रिय अपराधियों को चिन्हित कर सूची तैयार करने और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई तेज करने को कहा।
उन्होंने गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मामलों में धारा 14(1) के अंतर्गत अपराधियों की संपत्ति जब्ती की कार्रवाई में तेजी लाने के आदेश दिए। साथ ही अवैध खनन, शराब तस्करी, मादक पदार्थ कारोबार, पशु तस्करी, वन अपराध और भूमाफियाओं के खिलाफ अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इतना ही नहीं, हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की नियमित निगरानी, चेकिंग अभियान तेज करने और फ्लाई शीट प्रविष्टियों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रविशंकर, थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

