पुलिस ने करीब 10 कुंतल नशा जलाया, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 1.70 करोड़

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। नशे के कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए मुजफ्फरनगर पुलिस ने मंगलवार को ऑपरेशन दहन के तहत बड़ी कार्रवाई की। विभिन्न थानों में दर्ज 27 मुकदमों से जुड़े 996.669 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों को विधिक प्रक्रिया पूरी कर नष्ट कराया गया। नष्ट किए गए नशे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 70 लाख रुपये बताई गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में गठित जिला ड्रग डिस्पोजल कमेटी ने यह कार्रवाई की। कमेटी में पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, क्षेत्राधिकारी कार्यालय से ऋषिका सिंह तथा एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी मुनीश कुमार शामिल रहे। न्यायालय से प्राप्त आदेशों के अनुपालन में जब्त मादक पदार्थों को मेरठ स्थित सिनर्जी वेस्ट मैनेजमेंट, सुभारती मेडिकल कॉलेज के इन्सिनरेटर में पर्यावरणीय मानकों के तहत नष्ट कराया गया।
पुलिस के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 965.13 किलो डोडा, 26.68 किलो गांजा, 1.960 किलो चरस और 2.899 किलो अन्य नशीले पदार्थ व गोलियां शामिल हैं।
इन मुकदमों में सबसे ज्यादा 13 केस मंसूरपुर थाना क्षेत्र से जुड़े रहे, जबकि सिविल लाइन के 5, नई मंडी के 4, मीरापुर के 4 और पुरकाजी के 1 मुकदमे शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *