रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। कानून व्यवस्था को और चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने थाना कोतवाली नगर का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाने के रिकॉर्ड, व्यवस्थाओं और पुलिस कार्यशैली की बारीकी से समीक्षा की गई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि अपराधियों पर कार्रवाई में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी।
एसपी सिटी ने सबसे पहले मिशन शक्ति केंद्र और महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर वहां आने वाली पीड़ित महिलाओं की शिकायतों के निस्तारण की स्थिति जानी। उन्होंने शिकायतों का स्पष्ट विवरण दर्ज करने और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद थाना कार्यालय, मालखाना, बंदी गृह, संतरी पहरा, कंप्यूटर कक्ष, विवेचक कक्ष, साइबर हेल्प डेस्क, शौचालय, स्नानघर, मेस, पेयजल व्यवस्था, मंदिर परिसर और अग्निशमन उपकरणों की स्थिति परखी गई। मालखाने में रखे शस्त्रों की साफ-सफाई और रखरखाव पर भी विशेष जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान त्यौहार रजिस्टर, चुनाव रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर, अपराध रजिस्टर तथा टॉप-10 अपराधियों की सूची का अवलोकन करते हुए एसपी सिटी ने अपराधियों के खिलाफ और अधिक प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही नए सिरे से टॉप-10 अपराधियों को चिन्हित कर वैधानिक कार्रवाई तेज करने को कहा।
गैंगस्टर एक्ट के मामलों में धारा 14(1) के तहत अपराधियों की संपत्ति जब्ती की कार्रवाई तेज करने, खनन माफिया, शराब तस्करों, अवैध मादक पदार्थ कारोबारियों, पशु तस्करों, वन माफिया और भूमाफियाओं के खिलाफ अभियान चलाने के आदेश दिए गए। हिस्ट्रीशीटरों की नियमित चेकिंग और फ्लाई शीट प्रविष्टियां पूर्ण रखने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर सिद्धार्थ के मिश्रा, कोतवाली प्रभारी बबलू कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

