रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने के अभियान के तहत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बघरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को परखा, खामियों पर नाराजगी जताई और जिम्मेदारों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
सीएमओ ने निरीक्षण के दौरान आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर परिवार नियोजन कार्यक्रमों को गांव-गांव तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योग्य दंपतियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जागरूक किया जाए, ताकि जनसंख्या स्थिरीकरण के लक्ष्य को मजबूती मिल सके।
उन्होंने संस्थागत प्रसव को स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला का प्रसव अस्पताल में ही कराया जाए। आशा और एएनएम कर्मियों को निर्देश दिए गए कि वे गर्भवती महिलाओं से लगातार संपर्क बनाए रखें और समय पर स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने में पूरी मदद करें।
इसके बाद सीएमओ ने अस्पताल परिसर, ओपीडी, दवा वितरण कक्ष और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों से भी बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली। ओपीडी में विशेषज्ञ चिकित्सक के रूप में स्वयं मरीजों का परीक्षण किया और आवश्यक उपचार व परामर्श दिया।
सीएमओ ने स्वास्थ्य कर्मियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे।

