9 मई को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, ज्यादा से ज्यादा मामलों के निस्तारण के निर्देश

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जिले में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए गुरुवार को जनपद न्यायालय परिसर स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम में अधिकारियों की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डॉ. सत्येन्द्र कुमार चौधरी, सिविल जज (सीडी)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने की।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक लंबित मामलों का निस्तारण कराया जाए, ताकि आमजन को त्वरित और सुलभ न्याय मिल सके। यह आयोजन माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में किया जाएगा।
डॉ. चौधरी ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन दीवानी न्यायालय परिसर मुजफ्फरनगर के साथ-साथ बाह्य न्यायालय बुढ़ाना, ग्राम न्यायालय जानसठ, ग्राम न्यायालय खतौली तथा कलेक्ट्रेट परिसर में भी किया जाएगा।
लोक अदालत में आपराधिक मामलों, एनआई एक्ट की धारा 138 के वाद, बैंक रिकवरी, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिकाएं, टेलीफोन, बिजली और पानी बिल विवाद, वैवाहिक वाद, भूमि अधिग्रहण, राजस्व तथा अन्य सिविल मामलों का निस्तारण किया जाएगा।
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, संयुक्त आयुक्त वस्तु एवं सेवा कर विभाग, जिला दिव्यांग अधिकारी समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन और न्यायिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लोक अदालत विवादों के शांतिपूर्ण और शीघ्र समाधान का सबसे प्रभावी माध्यम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *