रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना थाना क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से हड़कंप मच गया। हिंद नदी पुल के पास स्थित एक ओयो होटल पर छापा मारकर पुलिस ने कथित अवैध गतिविधियों का खुलासा किया है। मौके से पांच महिलाओं को हिरासत में लिया गया, जबकि कुछ संदिग्ध लोग फरार होने में कामयाब रहे।
बताया जा रहा है कि बुढ़ाना पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि हिंद नदी पुल के पास एचपी पेट्रोल पंप के बराबर में संचालित इस होटल में अनैतिक गतिविधियां चल रही हैं। सूचना के आधार पर बुढ़ाना एसडीएम कृष्णकांत विश्वकर्मा और थाना प्रभारी सुभाष बाबू अत्री के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से होटल पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान होटल के कमरों में आपत्तिजनक हालात मिलने की बात सामने आई। पुलिस ने मौके से पांच महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं कुछ संदिग्ध युवक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
सूत्रों के मुताबिक होटल की आड़ में लंबे समय से देह व्यापार जैसा अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने होटल संचालक आदेश सैनी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अब हिरासत में ली गई महिलाओं और पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और जांच के बाद पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा

