रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मुज़फ्फरनगर में तेज आवाज़ और स्टंटबाज़ी का शौक पालने वालों पर पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसा है। शहर को ध्वनि प्रदूषण से बचाने के लिए सिविल लाइन पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 70 मॉडिफाइड साइलेंसर बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल बाइक और अन्य वाहनों में तेज धमाकेदार आवाज़ निकालने के लिए किया जाता था।
प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरिफ अहमद, मौ. साजिद मलिक, आसिफ और आस मोहम्मद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी युवाओं को दिखावे और शौक के नाम पर अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर बेचते थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे साइलेंसर न केवल कानूनन प्रतिबंधित हैं, बल्कि इनके कारण शहर में ध्वनि प्रदूषण तेजी से बढ़ता है। तेज आवाज़ से हृदय रोगियों, बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को भारी परेशानी होती है। कई बार इनका इस्तेमाल असामाजिक तत्वों द्वारा सड़क पर हुड़दंग और महिलाओं से छेड़छाड़ जैसी घटनाओं में भी किया जाता है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि अपने वाहनों में किसी भी प्रकार के मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग न करें। यदि कहीं ऐसे साइलेंसर की बिक्री, निर्माण या उपयोग होता दिखे तो तत्काल पुलिस या डायल 112 को सूचना दें।
मुज़फ्फरनगर पुलिस की इस कार्रवाई से तेज आवाज़ से शहर का सुकून छीनने वालों में हड़कंप मच गया है।

