नवागत जिलाधिकारी ने पत्रकारों से किया संवाद, जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर

Spread the love

रिपोर्ट – सन्दीप वर्मा

बाराबंकी। जनपद के नवागत जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने पत्रकारों से संवाद कर जनपद की प्राथमिकताओं, विकास कार्यों तथा जनसमस्याओं के समाधान को लेकर अपनी कार्ययोजना साझा की। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, संवेदनशील एवं जनोन्मुख प्रशासन देना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

नवागत जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा तथा इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में उदासीनता अथवा ढिलाई पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें, जिससे आमजन को समय पर न्याय मिल सके।

नगर क्षेत्र में बढ़ती यातायात समस्या के समाधान के लिए जिलाधिकारी ने सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि शहर में जाम की समस्या कम करने तथा यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने पत्रकारों से नियमित संवाद बनाए रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक एक-दो माह में संवाद स्थापित कर जनपद की समस्याओं, विकास कार्यों एवं समाधान की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच सकारात्मक समन्वय जनहित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *