बाइक चोर गिरोह दबोचा, दो शातिर गिरफ्तार… चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। सिविल लाइन थाना पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। दोनों आरोपी सहारनपुर जनपद के रहने वाले बताए गए हैं और इनमें से एक पर पहले भी मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइन के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखबिर की सूचना, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गई। इसके बाद माल रोड क्षेत्र से आकाश उर्फ राजा पुत्र आदेश त्यागी निवासी बलिया खेड़ी थाना गागलहेड़ी सहारनपुर तथा इसफाक पुत्र सुलेमान निवासी उमाही थाना नागल सहारनपुर को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने थाना सिविल लाइन क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया। पुलिस ने इनके कब्जे से दो चोरी की बाइक बरामद की हैं, जिनमें एक स्प्लेंडर बाइक मॉडल टाउन क्षेत्र से चोरी हुई थी, जबकि दूसरी बाइक रेलवे स्टेशन के सामने ट्यूलिप होटल के पास से चोरी की गई थी।
पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में पहले ही मुकदमे दर्ज थे। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब इनके नेटवर्क, अन्य साथियों और पूर्व में की गई चोरी की घटनाओं की भी पड़ताल की जा रही है।
सिविल लाइन पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरों में हड़कंप मचा है। शहर में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस की इस सफलता को बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार गिरी, उपनिरीक्षक उधम सिंह, हेड कांस्टेबल कृष्णवीर और कांस्टेबल अमित शर्मा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *