रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में औद्योगिक विकास को गति देने और उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए गुरुवार को जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमलकिशोर देशभूषण ने की।
बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई और अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने साफ कहा कि उद्योगों से संबंधित समस्याओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जानसठ रोड स्थित नैराना विद्युत सब-स्टेशन तक 500 मीटर लिंक रोड निर्माण का मामला प्रमुखता से उठा। इस पर एनएचएआई मेरठ और विद्युत विभाग को संयुक्त रूप से एस्टीमेट तैयार कर कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही नैराना उपकेंद्र के सामने ओवरहेड लाइन शिफ्टिंग को लेकर अलग से बैठक कराने की बात कही गई।
ग्राम वहलना में जैन मंदिर के पास फैली गंदगी पर नाराजगी जताते हुए नगर पालिका को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत विभाग को उद्यमियों के साथ नियमित मासिक बैठक कर समस्याओं का समाधान करने को कहा गया।
मेरठ रोड पर अव्यवस्थित खड़े वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश एआरटीओ को दिए गए। राधा गोविंद ऑटोमोबाइल्स प्रा.लि. की एनओसी और मानचित्र से जुड़े मामलों को भी जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
बीके टाइल्स के पास जर्जर लिंक रोड के संबंध में नगर पालिका ने बताया कि प्रस्ताव 15वें वित्त आयोग के तहत स्वीकृति के लिए भेजा जा चुका है और टेंडर प्रक्रिया जारी है।
सीडीओ ने औद्योगिक संगठनों से अपील की कि वे औद्योगिक क्षेत्रों के मुख्य मार्गों के सौंदर्यीकरण में एमडीए और नगर पालिका के साथ मिलकर सहयोग करें।
बैठक का संचालन सहायक आयुक्त उद्योग आशीष कुमार ने किया। बैठक में जिले के अधिकारी और औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

